बंगाल में औद्योगिक निवेश और रोजगार पर चर्चा.. सीएम एक्स पर डाला संदेश
कोलकाता, 22 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर बंगाल में औद्योगिक निवेश और रोजगार पर चर्चा को लेकर एक पोस्ट किया है। पोस्ट में लिखा, उन्होंने सोमवार को मुंबई में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान अंबानी परिवार के साथ पश्चिम बंगाल में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
शुभेंदु अधिकारी ने अपनी पोस्ट में बताया कि उन्हें मुकेश अंबानी के आवास पर भगवान गणेश के दर्शन और पूजा-अर्चना करने का अवसर मिला। उन्होंने देश की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए भगवान गणेश से आशीर्वाद मांगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पश्चिम बंगाल की संस्कृति और आस्था का प्रतीक मां काली का विशेष पवित्र स्मृति-चिह्न उन्होंने अंबानी परिवार को भेंट किया। उन्होंने मां काली से अंबानी परिवार के अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और निरंतर सफलता की कामना की।
मुलाकात के दौरान पश्चिम बंगाल में औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने की संभावनाओं पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल ऐसे दूरदर्शी निवेश का स्वागत करने के लिए तैयार है, जिससे राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें और आर्थिक विकास को गति मिले।
शुभेंदु अधिकारी ने मुकेश अंबानी, नीता अंबानी और पूरे अंबानी परिवार के प्रति गर्मजोशी भरे स्वागत और आतिथ्य के लिए आभार जताया। उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘जय मां काली’ का जयघोष किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

