चौरंगी में ममता बनर्जी की जनसभा, भाजपा और चुनाव प्रक्रिया पर साधा निशाना
कोलकाता, 23 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तर कोलकाता के चौरंगी इलाके में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा और चुनाव प्रक्रिया पर तीखा हमला बोला।
अपने संबोधन में ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि राज्य में केंद्रीय बलों की अत्यधिक तैनाती की जा रही है, जिससे मतदाताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। इससे स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर मतदाताओं को डराने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष तरीके से काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिकारी किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव में आए बिना अपने कर्तव्यों का पालन करें और लोकतंत्र की रक्षा सुनिश्चित करें।
ममता बनर्जी ने भाजपा पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावी माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपने वोट के माध्यम से इसका जवाब दें।
उन्होंने विश्वास जताया कि तृणमूल कांग्रेस एक बार फिर राज्य में सत्ता में वापसी करेगी, क्योंकि जनता का समर्थन पार्टी के साथ है।
चौरंगी की यह रैली चुनावी माहौल में बढ़ती सियासी गर्मी को दर्शाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

