home page

कॉलेज के दिनों से चंदननगर की जगद्धात्री पूजा से जुड़ा रहा हूं : शुभेंदु अधिकारी

 | 

हुगली, 13 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शुक्रवार शाम करीब पांच बजे हेलीकॉप्टर से चंदननगर पहुंचे। कुठिर मैदान में उतरने के बाद वे सीधे चावलपट्टी स्थित ऐतिहासिक आदि मां जगद्धात्री पूजा मंडप गए। वहां पूजा-अर्चना कर उन्होंने उत्सव की शुरुआत की। पूजा समिति की ओर से मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया गया और उन्हें चंदननगर की मशहूर जलभरा संदेश मिठाई भेंट की गई।

उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने चंदननगर के साथ अपने पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि कॉलेज में पढ़ाई के दौरान भी वे जगद्धात्री पूजा देखने यहां आया करते थे। उनके मुताबिक, चंदननगर की यह पूजा महज धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि आस्था, गौरव और समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की पहचान है।

इस मौके पर प्रतिमंत्री भास्कर भट्टाचार्य, स्थानीय विधायक दीपांजन गुहा सहित कई विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित थे।

समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति पर उन्होंने प्रसन्नता जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन लोगों ने लंबे समय से आदि मां की परंपरा को सहेजकर रखा है और इसे पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। उन्होंने डीमा ट्रस्ट के अध्यक्ष को भी बधाई दी।

विधायक दीपांजन गुहा की भूमिका की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके प्रयास से चंदननगर आने का कार्यक्रम संभव हुआ। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे। साथ ही पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रशासन ने उन्हें सबसे पहले आदि मां के दर्शन करने का सुझाव दिया था।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि इस वर्ष जगद्धात्री पूजा को विशेष पहचान दिलाने की पहल की गई है। सरकार को बने अभी छह महीने ही हुए हैं, इसलिए सभी योजनाओं को पूरी तरह लागू करने का अवसर नहीं मिल पाया। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि चंदननगर की सदियों पुरानी पूजा परंपरा और ऐतिहासिक गौरव को व्यापक पहचान दिलाने के लिए आगे भी काम किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने गंगा तट पर बसे चंदननगर की ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस उत्सव का इंतजार पूरे बंगाल को रहता है।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने आयोजकों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। उनकी खुशी किसी दूसरे की निराशा का कारण न बने। मुख्यमंत्री ने शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय