home page

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहल से थमा असंतोष, खगेश्वर राय ने बदला रुख

 | 
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहल से थमा असंतोष, खगेश्वर राय ने बदला रुख


जलपाईगुड़ी, 19 मार्च (हि.स.)। टिकट नहीं मिलने के बाद शुरू हुआ नाराजगी का दौर अब खत्म हो गया है। सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए राजगंज के निवर्तमान विधायक खगेश्वर राय ने आखिरकार तृणमूल कांग्रेस में ही बने रहने का फैसला किया है।

प्रत्याशी सूची घोषित होने के बाद से ही वह बागी तेवर में नजर आ रहे थे। यहां तक कि उन्होंने जलपाईगुड़ी जिला तृणमूल के चेयरमैन पद से इस्तीफा देने की घोषणा भी कर दी थी। उनके समर्थन में राजगंज ब्लॉक नेतृत्व ने भी पद छोड़ने की बात कही थी। खगेश्वर राय ने चेतावनी दी थी कि गुरुवार सुबह ग्यारह बजे तक पार्टी की ओर से सकारात्मक जवाब नहीं मिलने पर वह अपनी राजनीतिक स्थिति स्पष्ट करेंगे।

स्थिति को संभालने के लिए खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आगे आना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात मुख्यमंत्री ने फोन पर खगेश्वर राय से बात की। उनकी ओर से दिए गए आश्वासन के बाद वरिष्ठ नेता संतुष्ट हो गए। गुरुवार को बेलाकोबा स्थित अपने आवास पर जिला नेतृत्व की मौजूदगी में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में खगेश्वर राय ने साफ कर दिया कि वह पार्टी में ही रहेंगे।

गौरतलब है कि मंगलवार को विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी होने पर यह सामने आया कि इस बार राजगंज सीट से खगेश्वर राय को टिकट नहीं दिया गया। उनकी जगह स्वप्ना बर्मन को उम्मीदवार बनाया गया है। सूची में अपना नाम न देखकर खगेश्वर राय ने नाराजगी जाहिर करते हुए पार्टी नेतृत्व पर खुलकर निशाना साधा था।

हालांकि, अंततः तृणमूल सुप्रीमो के हस्तक्षेप के बाद खगेश्वर राय की नाराजगी दूर हो गई है। इससे जलपाईगुड़ी जिला और राजगंज क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच फिलहाल राहत का माहौल देखा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार