करोड़ों की लागत से बने नए मूर्ति पुल का मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन
जलपाईगुड़ी, 22 सितंबर (हि. स.)। करीब साढ़े तीन साल के लंबे इंतजार के बाद डुआर्स के नए मूर्ति पुल का मंगलवार को औपचारिक उद्घाटन किया गया। कूचबिहार का कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी हेलीकॉप्टर से चालसा के पास तियाबन हेलीपैड पहुंचे। इसके बाद सड़क मार्ग से मूर्ति पुल पहुंचे, जहां आदिवासी लोक नृत्य और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ उनका स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने फीता काटकर पुल का उद्घाटन किया और अन्य अतिथियों के साथ नए पुल पर पैदल चलकर इसका जायजा लिया।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि राज्य के लोक निर्माण एवं सड़क विभाग की पहल पर करीब 19.78 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक पुल का निर्माण किया गया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने डुआर्स क्षेत्र में एक और नए सड़क पुल के निर्माण की घोषणा की है। यह पुल नागराकाटा ब्लॉक के कालिखोला इलाके में बनाया जाएगा। उद्घाटन को लेकर चालसा और मूर्ति नदी के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
कार्यक्रम में अलीपुरद्वार के सांसद मनोज तिग्गा, विधायक पूना भेंगरा, शुक्रा मुंडा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नए पुल के शुरू होने से डुआर्स क्षेत्र में आवागमन बेहतर होने के साथ पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

