दुधिया ब्रिज का मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया लोकार्पण
सिलीगुड़ी, 08 जुलाई (हि. स.)। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कोलकाता स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय से दुधिया क्षेत्र में बालासन नदी पर बने बेली ब्रिज का लोकार्पण किया। इस पुल के शुरू होने से दुधिया इलाके में वाहनों की आवाजाही फिर से बहाल हो गई है, जिससे मिरिक से सिलीगुड़ी और अन्य क्षेत्रों का संपर्क आसान हो गया है।
इस अवसर पर दार्जिलिंग हिल्स, तराई और डुआर्स, विशेष रूप से मिरिक उपखंड के लोगों की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया गया। बालासन नदी पर संपर्क बहाल करने में मुख्यमंत्री ने त्वरित और निर्णायक नेतृत्व का परिचय दिया है, जो पहाड़ी क्षेत्रों के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
बताया गया कि पुल बह जाने के महज 20 दिनों के भीतर एक पूरी तरह कार्यशील बेली ब्रिज का निर्माण कर उसे आम लोगों के लिए खोल देना एक अभूतपूर्व उपलब्धि है। इसे पिछले कई दशकों की प्रशासनिक उदासीनता के विपरीत एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
इस कार्य के लिए भारतीय सेना, विशेषकर ईस्टर्न कमांड की इंजीनियरिंग टीम की सराहना की गई, जिनके प्रयासों से यह पुल संभव हो पाया। साथ ही दार्जिलिंग जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और दुधिया के स्थानीय लोगों के सहयोग के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के मार्गदर्शन में दार्जिलिंग क्षेत्र को एक समृद्ध, सशक्त और विकसित क्षेत्र के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

