हुमायूं कबीर की गिरफ्तारी पर बोले शुभेंदु अधिकारी, कहा- कानून की नजर में कोई अलग नहीं
पश्चिम बर्दवान, 06 अक्टूबर (हि. स.)। उपचुनाव के दिन नंदीग्राम में मतदान करने पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने पुराने राजनीतिक क्षेत्र के साथ संबंध को लेकर बड़ा बयान दिया। मंगलवार को नंदनायकबाड़ मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि वह अंतिम सांस तक नंदीग्राम के मतदाता बने रहेंगे। इसी दौरान उन्होंने रेजीनगर उपचुनाव में आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर की गिरफ्तारी को लेकर भी प्रतिक्रिया दी।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि कानून की नजर में कोई अलग नहीं है। उनके अनुसार, मतदान केंद्र के निर्धारित क्षेत्र में चुनावी नियमों का उल्लंघन कर घूमने के आरोप में हुमायूं कबीर को गिरफ्तार किया गया।
सुबह करीब पौने 11 बजे शांतिकुंज से निकलकर शुभेंदु अधिकारी मतदान करने पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान केंद्र के नजदीक पहुंचने पर उन्होंने अपना काफिला छोड़ दिया और टोटो से मतदान केंद्र तक गए। मतदान करने के बाद उन्होंने भाजपा की नंदीग्राम उम्मीदवार हासिरानी रथ से भी बातचीत की। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बात की और नंदीग्राम के साथ अपने पुराने राजनीतिक संबंधों का जिक्र किया।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर उन्हें सरकारी सुरक्षा प्राप्त है, लेकिन चुनाव के नियम उनके लिए भी वही हैं जो अन्य लोगों के लिए हैं। मतदान करने के बाद मतदान केंद्र के बाहर खड़े होकर प्रचार करने या आसपास घूमने का अधिकार किसी को नहीं है। यही वजह है कि मतदान करने के बाद वह वहां नहीं रुके। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के नियम सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए।
रेजीनगर में हुमायूं कबीर को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने और बाद में गिरफ्तार किए जाने के सवाल पूछे जाने पर शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्र के 200 मीटर के दायरे में किसी को भी मनमाने तरीके से घूमने की अनुमति नहीं है। हुमायूं कबीर नाओदा के विधायक हैं, लेकिन रेजीनगर उपचुनाव के उम्मीदवार नहीं हैं। ऐसे में चुनावी नियमों के तहत उनके वहां रहने को लेकर पुलिस के साथ विवाद की स्थिति बनी।
दूसरी ओर, मतदान के दिन सुबह रेजीनगर में हुमायूं कबीर और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पार्टी कार्यालय से निकलकर मतदान केंद्र की ओर जाते समय पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। हुमायूं कबीर ने पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस उन्हें थाने ले गई और बाद में उनकी गिरफ्तारी की जानकारी दी गई।
नंदीग्राम में मतदान को लेकर शुभेंदु अधिकारी ने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि आम तौर पर उपचुनाव में मतदान प्रतिशत कम रहता है, लेकिन नंदीग्राम में कुल मिलाकर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहा है। उन्होंने भाजपा की जीत को लेकर भी विश्वास जताया और दावा किया कि इस बार भी नंदीग्राम में भाजपा रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करेगी।
नंदीग्राम के साथ शुभेंदु अधिकारी का राजनीतिक रिश्ता काफी पुराना है। विधानसभा चुनाव में उन्होंने भवानीपुर और नंदीग्राम, दोनों सीटों से जीत हासिल की थी। बाद में नियम के तहत उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ी। उस समय नंदीग्राम छोड़कर भवानीपुर सीट बरकरार रखने के फैसले को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा हुई थी। हालांकि, शुभेंदु अधिकारी लगातार यह संकेत देते रहे हैं कि विधायक पद छोड़ने के बावजूद नंदीग्राम के साथ उनका राजनीतिक संबंध खत्म नहीं हुआ है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

