home page

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जवानों और पुलिस अधिकारियों के साथ मनाई दीपावली, दी शुभकामनाएं

 | 
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जवानों और पुलिस अधिकारियों के साथ मनाई दीपावली, दी शुभकामनाएं


मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जवानों और पुलिस अधिकारियों के साथ मनाई दीपावली, दी शुभकामनाएं


कोलकाता, 8 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता हवाई अड्डे पर ड्यूटी पर तैनात जवानों और पुलिस अधिकारियों के साथ कालीपूजा एवं दीपावली मनाई। उन्होंने जवानों के साथ दीप प्रज्वलित किया और मिठाइयां बांटकर पर्व की खुशियां साझा कीं।मुख्यमंत्री ने दिन-रात अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले जवानों और पुलिस अधिकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा में निरंतर जुटे रहने वाले इन साहसी जवानों और पुलिस अधिकारियों का योगदान सराहनीय है। उनके प्रति वह नमन करते हैं। मां काली के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और प्रकाश बना रहे।

मुख्यमंत्री ने उत्तर 24 परगना जिले के बसिरहाट क्षेत्र के हिंगलगंज स्थित बीएसएफ शिविर में भी देश के वीर जवानों के साथ कालीपूजा और दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने जवानों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इसके साथ ही हिंगलगंज थाने की ओर से आयोजित श्रीश्री कालीपूजा का भी शुभारंभ मुख्यमंत्री ने किया। मुख्यमंत्री ने इन कार्यक्रमों के माध्यम से सुरक्षा बलों, पुलिसकर्मियों और आम लोगों के साथ दीपावली का उत्सव मनाया।

इससे पहले राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने रविवार को अपने सामाजिक माध्यम पर सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकाश के इस पर्व पर सभी के जीवन में उजाला आए और प्रत्येक परिवार सुख एवं समृद्धि से परिपूर्ण हो।

मुख्यमंत्री ने मां काली से प्रार्थना की कि उनकी कृपा और आशीर्वाद से प्रत्येक व्यक्ति जीवन की बाधाओं एवं प्रतिकूल परिस्थितियों को पार करने की शक्ति और साहस प्राप्त करे। उन्होंने कामना की कि मां काली के आशीर्वाद से समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का भाव मजबूत हो तथा पूरे बंगाल में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मकता का प्रकाश फैले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता