मुख्यमंत्री शुभेंदु का दार्जिलिंग दौरा मंगलवार को, कर्सियांग में कार्यक्रम
कोलकाता, 15 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मंगलवार को दार्जिलिंग पहाड़ी क्षेत्र के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान कर्सियांग उनके उत्तर बंगाल दौरे का मुख्य केंद्र रहेगा।
राज्य के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने सोमवार को बताया कि मुख्यमंत्री पहले सिलीगुड़ी पहुंचेंगे और वहां से कर्सियांग रवाना होंगे। कर्सियांग में उनके एक राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा वह राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘जनकल्याण शिविर’ कार्यक्रम में भी हिस्सा ले सकते हैं। इस योजना के तहत आम लोगों तक सीधे सरकारी सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों को विभिन्न सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। हालांकि अभी तक उनके पूरे कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री का यह दौरा हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण काफी अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि उन्होंने हाल ही में दार्जिलिंग के वरिष्ठ नेता अशोक भट्टाचार्य से फोन पर बातचीत की थी और कर्सियांग यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात की इच्छा भी जताई थी।
राजनीतिक हलकों की नजर इस दौरे पर टिकी है। यह मुद्दा लंबे समय से पहाड़ी राजनीतिक दलों तथा राज्य और केंद्र सरकार के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
पश्चिम बंगाल और केंद्र दोनों जगह भाजपा की सरकार बनने के बाद पहाड़ी क्षेत्र के लोगों की उम्मीदें बढ़ी हैं। अलग राज्य की मांग अब पहले जैसी प्रमुख नहीं रही, लेकिन स्थायी राजनीतिक समाधान की मांग अब भी बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

