home page

बांदना पर्व में शामिल होने आज बांंकुड़ा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

 | 
बांदना पर्व में शामिल होने आज बांंकुड़ा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी


कोलकाता, 12 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी गुरुवार को आदिवासियों के प्रमुख लोकपर्व बांदना-सहराय में शामिल होने के लिए बांंकुड़ा जिले के दौरे पर रहेंगे। जिला प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री जिले के रायपुर ब्लॉक स्थित बिरसा मुंडा मेमोरियल कॉलेज के मैदान में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

बांदना-सहराय जंगलमहल क्षेत्र के आदिवासी समुदाय का प्रमुख लोकपर्व है। कार्तिक महीने की अमावस्या यानी काली पूजा के दिन से इसकी तैयारियां शुरू हो जाती हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में यह उत्सव तीन दिन, पांच दिन या एक महीने तक मनाया जाता है। इन दिनों जंगलमहल के आदिवासी गांवों में इस पर्व की धूम है। इस दौरान गायों की पूजा, धामसा-मादल की थाप और अहिरा लोकगीतों के माध्यम से परंपरागत संस्कृति की झलक देखने को मिल रही है।

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी का छह महीने में यह चौथा बांंकुड़ा दौरा होगा। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर स्थित बिरसा मुंडा मेमोरियल कॉलेज मैदान पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां जंगलमहल की पारंपरिक लोकसंस्कृति को प्रस्तुत करने के लिए विशेष आयोजन किए गए हैं।

इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से बांंकुड़ा शहर के सतीघाट के पास गंधेश्वरी नदी के किनारे बने अस्थायी हेलीपैड पर पहुंचेंगे। वहां से पाठकपाड़ा फुटबॉल मैदान में आयोजित स्थानीय खाद्य मेले में शामिल होने की संभावना है।

इसके बाद मुख्यमंत्री के सर्किट हाउस जाने का कार्यक्रम है। सूत्रों के अनुसार, यहां वह उत्तराखंड के केदारताल ट्रेक मार्ग पर हिमस्खलन में जान गंवाने वाले बांंकुड़ा के चार युवकों के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर सकते हैं। इसके बाद सड़क मार्ग से अंडाल हवाई अड्डे जाने की योजना है।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता