अन्नपूर्णा योजना: महिलाओं के लिए खुशखबरी, अंडर प्रोसेस आवेदन हो रहे अप्रूव, खातों में पहुंच रहे 3 हजार रुपये
कोलकाता, 22 अगस्त (हि.स.)।
अन्नपूर्णा योजना का पैसा नहीं मिलने को लेकर जगह-जगह महिलाओं के विरोध-प्रदर्शन के बीच अब लाभार्थियों के लिए राहत की खबर सामने आई है। जिन महिलाओं के आवेदन अब तक अंडर प्रोसेस दिखा रहे थे, उनके आवेदन अब अप्रूव किए जा रहे हैं और पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में 3 हजार रुपये की राशि पहुंचनी शुरू हो गई है। सरकार की ओर से पहले कहा गया था कि 20 अगस्त तक पात्र महिलाओं को योजना की राशि मिल जाएगी।
हालांकि, 22 अगस्त को भी कई योग्य आवेदकों के खातों में राशि भेजी जा रही है। सरकारी स्तर पर लगातार कहा जा रहा है कि बड़ी संख्या में आवेदन आने के कारण सत्यापन प्रक्रिया में कुछ समय लग रहा है और लाभार्थियों से धैर्य रखने की अपील की गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस महीने के अंत तक आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया जारी रहेगी। आने वाले समय में भी योग्य महिलाओं को योजना का लाभ मिलता रहेगा। पात्र लाभार्थियों को प्रत्येक महीने के दूसरे सप्ताह में योजना की राशि मिलने की बात कही गई है।
गौरतलब है कि 20 अगस्त को अन्नपूर्णा योजना का सिटीजन पोर्टल खोला गया था। पोर्टल पर बड़ी संख्या में आवेदनों का स्टेटस अंडर प्रोसेस दिखाई दे रहा था। कई महिलाओं ने शिकायत की थी कि उन्हें पिछले महीने योजना की राशि मिली थी, लेकिन अगस्त महीने में उनका आवेदन फिर से अंडर प्रोसेस दिखने लगा। प्रशासन का कहना है कि आवेदनों की पात्रता और दस्तावेजों की सत्यता का सत्यापन किया जा रहा है। इसी वजह से कुछ आवेदनों का स्टेटस अंडर प्रोसेस है। सत्यापन पूरा होने और सभी जानकारी सही पाए जाने के बाद पात्र आवेदकों को राशि दी जा रही है। सरकार का दावा है कि कोई भी योग्य लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगा। सरकार ने महिलाओं से अपील की है कि किसी भी अफवाह, गलत सूचना या उकसावे में आकर हंगामा न करें।
आंकड़ों के अनुसार, अब तक करीब 1 करोड़ 80 लाख आवेदन जमा हुए हैं। इनमें से 1 करोड़ 66 लाख आवेदनों का सत्यापन किया जा चुका है और करीब 1 करोड़ 45 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 3 हजार रुपये की राशि भेजी जा रही है। 10 जुलाई से 31 जुलाई के बीच किए गए करीब 14 लाख शेष आवेदनों का सत्यापन अभी जारी है। ऐसे में 20 अगस्त की समयसीमा के बाद भी पात्र महिलाओं के खातों में राशि पहुंचना जारी है। कई आवेदनों का स्टेटस अंडर प्रोसेस से अप्रूव हो रहा है और उसके बाद लाभार्थियों के बैंक खातों में 3 हजार रुपये जमा किए जा रहे हैं। महिलाओं की लगातार शिकायतों के बीच प्रशासन की यह कार्रवाई उनके लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

