home page

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कई विकास परियोजनाओं की घोषणा

 | 
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कई विकास परियोजनाओं की घोषणा


कोचबिहार, 22 सितंबर (हि. स.)। मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद पहली बार मंगलवार को कूचबिहार पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जिले के विकास के लिए कई बड़ी परियोजनाओं की घोषणा की है। मदनमोहन मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने कहा कि कूचबिहार के बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने लंबे समय से बंद पड़े कूचबिहार हवाई अड्डे को फिर से नियमित उड़ान सेवा से जोड़ने की दिशा में पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू के साथ ‘उड़ान’ योजना के तहत समझौता होने की प्रक्रिया चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ मई 2027 तक कूचबिहार के विकास से जुड़े प्रमुख कार्यों को आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न परियोजनाओं के लिए डीपीआर तैयार करने, जमीन चिह्नित करने और धन आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सड़क, रेल और हवाई संपर्क के साथ पर्यटन सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया जा रहा है।

विश्व गैंडा दिवस के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने तराई-डुआर्स क्षेत्र में धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन की संभावनाओं का उल्लेख किया।

कूचबिहार में बेहतर गेस्ट हाउस और आवासीय सुविधाएं विकसित करने के साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री सूर्य घर, अन्नपूर्णा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम किसान सम्मान निधि और राज्य की कृषक बंधु योजना से जुड़े दस्तावेजों के सत्यापन का काम भी तेज करने की बात कही गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अतीत की घटनाओं को पीछे छोड़कर विकास की दिशा में आगे बढ़ना उनका लक्ष्य है। इस दौरे के दौरान राज्य के मंत्री निशीथ प्रमाणिक भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार