डीयूएसयू चुनाव में एबीवीपी की जीत पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी बधाई
कोलकाता , 20 सितंबर (हि. स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डीयूएसयू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जीत पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने खुशी जताई है। उन्होंने अपने एक्स पर पोस्ट कर इस जीत को युवा शक्ति और राष्ट्रवाद की जीत बताया।
मुख्यमंत्री अधिकारी ने अपने पोस्ट में कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने मतदान के माध्यम से एबीवीपी के उम्मीदवारों के पक्ष में अपना समर्थन जताते हुए छात्र राजनीति को लेकर स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने दावा किया कि देश के छात्र और युवा राष्ट्रवाद, सकारात्मक छात्र राजनीति और एबीवीपी के साथ खड़े हैं।
उन्होंने बताया कि छात्रसंघ के चार प्रमुख पदों में से अध्यक्ष समेत तीन महत्वपूर्ण पदों पर एबीवीपी के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर यश ने 24 हजार 576 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि सचिव पद पर रिया को 21 हजार 650 वोट मिले। संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज ने 16 हजार 615 वोट हासिल कर जीत दर्ज की।
मुख्यमंत्री ने एबीवीपी पर भरोसा जताने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों का आभार जताया। साथ ही चुनाव में जीत हासिल करने वाले नए नेतृत्व और इस जीत के लिए काम करने वाले संगठन के कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्रहित और राष्ट्र निर्माण के प्रति इस प्रतिबद्धता को जारी रखने की बात कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

