home page

बंद चाय बागानों के 19 हजार श्रमिकों को दीपावली पर मिलेंगे पांच हजार रुपये और राशन : मुख्यमंत्री

 | 
बंद चाय बागानों के 19 हजार श्रमिकों को दीपावली पर मिलेंगे पांच हजार रुपये और राशन : मुख्यमंत्री


सिलीगुड़ी, 03 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मंगलवार को उत्तर बंगाल दौरे पर बागडोगरा हवाई अड्डे पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बंद चाय बागानों के करीब 19 हजार श्रमिकों के लिए दीपावली के अवसर पर पांच हजार रुपये और राशन देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि इस योजना की शुरुआत उत्तरकन्या से की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने उत्तर बंगाल के लोगों से वादा किया था कि वह महीने में कम से कम दो बार इस क्षेत्र का दौरा करेंगे। इस दौरान प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा भी करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों में जाकर विकास कार्यों का जायजा लिया जाएगा।

अपने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 18 नवंबर को अलीपुरद्वार के कुमारग्राम में बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, 24 नवंबर को कूचबिहार पहुंचकर रास उत्सव का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने आगे बताया कि पार्टी के निर्देशानुसार मंगलवार को देशभर में 100 से अधिक रैलियों का आयोजन किया जाएगा। सिलीगुड़ी में भी एक विशाल रैली निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरकन्या से चाय श्रमिकों के लिए घोषित योजना के अलावा कई अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की भी शुरुआत की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार