home page

स्कूल में छात्रों के बीच हिंसक झड़प, आठ घायल

 | 
स्कूल में छात्रों के बीच हिंसक झड़प, आठ घायल


सिलीगुड़ी, 24 अगस्त (हि. स.)। सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा स्थित मुरालीगंज हाई स्कूल में सोमवार को नौवीं और ग्यारहवीं कक्षा के छात्रों के बीच हुई हिंसक झड़प से तनाव फैल गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिसमें करीब आठ छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कूल परिसर में छात्रों के बीच मारपीट की खबर फैलते ही अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

अभिभावकों ने सवाल उठाया कि शिक्षकों की मौजूदगी और स्कूल के संचालन के दौरान परिसर में इस तरह की हिंसा कैसे हुई। नाराज अभिभावकों ने स्कूल के मुख्य गेट के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रधान शिक्षक के इस्तीफे की मांग की।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विधाननगर जांच केंद्र से बड़ी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय बल के जवान मौके पर पहुंचे। तनाव को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने स्थिति पर नजर रखी है।

अभिभावकों ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले एक पार्ट-टाइम शिक्षक पर छात्रों की पिटाई का आरोप लगा था। इसके बाद शिक्षक को हटाए जाने को लेकर भी स्कूल में तनाव का माहौल बना था। इसके अलावा स्कूल में अतिरिक्त फीस वसूले जाने के आरोप भी सामने आए हैं।

घटना की जानकारी पाकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नक्सलबाड़ी के एसडीपीओ, सीआई और फांसीदेवा के भाजपा विधायक दुर्गा मुर्मू भी मौके पर पहुंचे। स्थिति सामान्य करने के लिए विधायक की मौजूदगी में स्कूल प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों के बीच कई दौर की बैठक हुई।

बैठक में लिए गए फैसले के अनुसार, प्रधान शिक्षक समेत तीन शिक्षकों को अनिश्चितकालीन छुट्टी पर भेज दिया गया है। साथ ही, स्कूल को अगले सोमवार तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

विधायक दुर्गा मुर्मू ने कहा कि स्कूल में हुई कुछ कथित अनियमितताओं और गलतियों के कारण यह अप्रिय स्थिति पैदा हुई। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की पुलिस जांच के साथ-साथ शिक्षा विभाग के जिला निरीक्षक (डीआई) भी अलग से जांच करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की पूरी जानकारी राज्य के शिक्षा मंत्री को पत्र के माध्यम से दी जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार