बांकुड़ा में एसएफआई के बुकस्टॉल पर हमला, पूर्व मंत्री देबलीना हेम्ब्रम से झड़प
बांकुड़ा, 09 नवंबर (हि. स.)। दुर्गा पूजा के बाद अब काली पूजा के दौरान भी वामदलों के बुकस्टॉल पर हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में एसएफआई (स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के एक बुकस्टॉल पर तोड़फोड़ को रोकने गईं राज्य की पूर्व मंत्री और माकपा (मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी) की जिला सचिव देबलीना हेम्ब्रम पर हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने न केवल उनके साथ धक्का-मुक्की की, बल्कि उनका मोबाइल फोन भी छीनकर जमीन पर पटक दिया जिससे वह टूट गया। वामदलों ने इस हमले के पीछे भाजपा और आरएसएस का हाथ होने का आरोप लगाया है, जबकि भाजपा ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांकुड़ा शहर के स्कूलडांगा इलाके में माकपा के जिला कार्यालय के ठीक सामने एसएफआई ने एक बुकस्टॉल लगाया था। छात्र संगठन की ओर से दावा किया गया है कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे चार-पांच की संख्या में कुछ लोग वहां पहुंचे और स्टॉल पर मौजूद गिने-चुने कार्यकर्ताओं को गालियां देने लगे। विरोध करने पर हमलावरों ने कुर्सियां और मेज तोड़ दीं तथा वहां रखी किताबें बिखेर दीं। आरोप है कि स्टॉल में लगी एसएफआई राज्य समिति के दिवंगत सदस्य सुदीप्त गुप्त की तस्वीर को भी फाड़कर फेंक दिया गया और उस पर लातें मारी गईं।
घटना के वक्त पूर्व मंत्री देबलीना हेम्ब्रम पार्टी कार्यालय के भीतर ही मौजूद थीं। बाहर भारी शोरगुल सुनकर जब वह बुकस्टॉल पर पहुंचीं और उपद्रवियों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्हें भी शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। घटना की सूचना मिलने के काफी देर बाद बांकुड़ा सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। एसएफआई नेता मौसम नंदी ने आरोप लगाया कि बिना किसी उकसावे के भाजपा और आरएसएस के लोगों ने यह सुनियोजित हमला किया है। उन्होंने पुलिस की धीमी कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी कि यदि इस कृत्य का न्याय नहीं मिला, तो आने वाले दिनों में थाने का घेराव किया जाएगा।
हमले की शिकार हुईं पूर्व मंत्री देबलीना हेम्ब्रम ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूरे राज्य में वामदलों के बुकस्टॉलों को निशाना बनाया जा रहा है और बांकुड़ा की घटना भी उसी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इस कृत्य को रोकने की कोशिश की तो उन्हें भी निशाना बनाया गया। दूसरी ओर, भाजपा ने वामदलों के इन सभी आरोपों को निराधार बताया है।
भाजपा के राज्य स्तरीय नेता सौगत पात्र ने कटाक्ष करते हुए कहा कि माकपा पूरे राज्य में अपना जनाधार खोकर शून्य हो चुकी है, इसलिए अब वे भाजपा पर झूठे आरोप लगाकर केवल प्रचार की सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले रविवार को उत्तर 24 परगना के नैहाटी और हाबरा में भी वामदलों के बुकस्टॉल पर हमले की घटनाएं हुई थीं, जिसका आरोप सत्तारूढ़ पार्टी पर लगाया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

