कोलकाता नगर निगम में आंबेडकर के बगल में लगी सावरकर की तस्वीर, तृणमूल पार्षदों ने जताई आपत्ति
कोलकाता, 24 नवंबर (हि. स.)। कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के काउंसिलर्स क्लब में विनायक दामोदर सावरकर की तस्वीर लगाए जाने को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। मंगलवार को रास पूर्णिमा के अवकाश के दिन निगम कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और रानी लक्ष्मीबाई सहित कई प्रमुख हस्तियों की तस्वीरें लगाई गईं, जिनमें सावरकर की तस्वीर भी शामिल है। इस कदम पर तृणमूल कांग्रेस (ममता गुट) के पार्षदों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और इसके विरोध में नगर आयुक्त को संयुक्त रूप से पत्र लिखने का निर्णय लिया है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता नगर निगम में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर लगाने की घोषणा की थी। इसके साथ ही रानी लक्ष्मीबाई समेत अन्य महापुरुषों की तस्वीरें भी लगाने की योजना थी। मंगलवार दोपहर देखा गया कि नगर निगम की दूसरी मंजिल पर स्थित काउंसिलर्स क्लब की दीवार पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी और रानी लक्ष्मीबाई के साथ विनायक दामोदर सावरकर की तस्वीर भी लगाई गई है। यह तस्वीर बंकिम चंद्र चटर्जी और डॉ. बी.आर. आंबेडकर की तस्वीरों के ठीक बगल में है। चूंकि निगम के इस हिस्से में पार्षदों के कार्यालय और पत्रकार वार्ता की व्यवस्था है, इसलिए इस तस्वीर को लेकर विवाद तेज हो गया है।
इस विषय पर तृणमूल कांग्रेस (ममता गुट) के पार्षद एवं अधिवक्ता वैश्वानर चटर्जी ने अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा, सुना है कि सावरकर की तस्वीर लगाई गई है। उनका कोलकाता नगर निगम से कोई संबंध नहीं है। नगर निगम के साथ विभिन्न समय में कई प्रसिद्ध हस्तियां जुड़ी रही हैं, ऐसे में यहां सावरकर का स्थान कहां है? उन्होंने आरोप लगाया कि सावरकर ने अंग्रेजों से बचने के लिए माफीनामा देकर देशवासियों के साथ विश्वासघात किया था।
चटर्जी ने आगे कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति थे और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े थे, इसलिए उनकी तस्वीर लगाए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन सावरकर की तस्वीर पर हमारा विरोध है। दक्षिण कोलकाता जिला तृणमूल की ओर से हम सभी मिलकर नगर आयुक्त को एक पत्र सौंपेंगे।
आगामी नगर निगम चुनावों से पहले कोलकाता नगर निगम की राजनीति में सावरकर की तस्वीर का यह मामला एक नए राजनीतिक मुद्दे के रूप में उभरकर सामने आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा

