युवती से सामूहिक दुष्कर्म मामले में सिविक वॉलंटियर गिरफ्तार, दो अन्य फरार
कूचबिहार, 07 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के कूचबिहार और जलपाईगुड़ी जिलों की पुलिस ने एक युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में संयुक्त अभियान चलाकर एक सिविक वॉलंटियर को गिरफ्तार किया है। मामले के दो अन्य आरोपित अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
शुक्रवार को पुलिस सूत्रों की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले सप्ताह मेखलीगंज की एक युवती को कथित तौर पर प्रलोभन देकर धूपगुड़ी लाया गया। आरोप है कि वहां एक किराये के मकान में युवती को बंधक बनाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िता ने मेखलीगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद कूचबिहार जिला पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मामले में नामजद तीनों आरोपित धूपगुड़ी थाने में सिविक वॉलंटियर के रूप में कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार, वे सादे कपड़ों में ड्यूटी करने वाली पुलिस टीमों के साथ भी नियमित रूप से तैनात रहते थे।
जांच के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने भी आरोप लगाया कि तीनों आरोपित पहले भी अपनी पहचान और पुलिस से जुड़े होने के प्रभाव का इस्तेमाल कर कथित रूप से कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। हालांकि, भय के कारण किसी ने उनके खिलाफ खुलकर शिकायत करने का साहस नहीं किया। पीड़िता की शिकायत के बाद मामला सामने आया।
कूचबिहार और जलपाईगुड़ी जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपित बुलबुल आलम (30) को गिरफ्तार किया गया। वह धूपगुड़ी थाना क्षेत्र के भेमटिया का निवासी है और धूपगुड़ी थाने में सिविक वॉलंटियर के रूप में कार्यरत था।
मामले के दो अन्य आरोपित अभी भी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पीड़िता के परिजनों ने सभी आरोपितों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई और शीघ्र न्याय की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

