home page

लगातार बारिश से जलपाईगुड़ी के कई इलाके जलमग्न, तीस्ता नदी पर येलो अलर्ट जारी

 | 
लगातार बारिश से जलपाईगुड़ी के कई इलाके जलमग्न, तीस्ता नदी पर येलो अलर्ट जारी


जलपाईगुड़ी, 01 अगस्त (हि.स.)। जिले में शनिवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। महज कुछ घंटों की बारिश में शहर के 25 वार्डों के अधिकांश क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया। जिससे कई जगहों पर जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई। इससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह तक जलपाईगुड़ी में लगभग 95 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। भारी वर्षा के कारण शहर की कई सड़कें और निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। कुछ स्थानों पर घरों के सामने तक पानी पहुंच गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि थोड़ी-सी बारिश में भी शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव हो जाता है, लेकिन इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

लगातार बारिश के कारण तीस्ता और करला नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। सिंचाई विभाग ने बताया कि तीस्ता नदी के मेखलीगंज क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार