home page

ई-रिक्शा के खिलाफ सिटी ऑटो चालकों का प्रदर्शन

 | 
ई-रिक्शा के खिलाफ सिटी ऑटो चालकों का प्रदर्शन


जलपाईगुड़ी, 06 जुलाई (हि. स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध रूप से चल रहे ई-रिक्शा (टोटो) चलाने का आरोप लगे हैं। इसके खिलाफ सोमवार को फुलबाड़ी में सिटी ऑटो चालकों ने विरोध प्रदर्शन किया। सिटी ऑटो ओनर्स यूनियन के सदस्यों ने चालकों के साथ फुलबाड़ी बटतला मोड़ पर कुछ समय के लिए सड़क जाम कर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।

सूचना पाकर फुलबाड़ी हाईवे ट्रैफिक आउटपोस्ट और न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटा लिया। जिससे यातायात सामान्य हो गया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सिलीगुड़ी से जोटियाकाली तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई टोटो बिना वैध रूट परमिट का पालन किए यात्रियों का परिवहन कर रहे है। उनका कहना है कि इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। वहीं, वैध परमिट वाले यात्री सिटी ऑटो चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

सिटी ऑटो यूनियन के चालक मोहम्मद रफीकुल हसन ने कहा कि अवैध टोटो के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। लोगों की जान भी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन वाहनों की वजह से ऑटो चालकों की आय में भारी कमी आई है। जिससे परिवार का खर्च और वाहन की किस्त चुकाना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर कई बार संबंधित विभागों में शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर ऑटो चालकों को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार