वेतन वृद्धि की मांग को लेकर सीआईटीयू ने सिलीगुड़ी नगर निगम में किया प्रदर्शन
सिलीगुड़ी, 17 सितंबर (हि.स.)। वेतन बढ़ोतरी और समय पर वेतन भुगतान की मांग को लेकर सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीआईटीयू) की दार्जिलिंग जिला कमेटी ने गुरुवार को सिलीगुड़ी नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। सीआईटीयू नेताओं के साथ ‘निर्मल बंधु’ परियोजना के अस्थायी सफाईकर्मियों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगें रखी है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वे साल के लगभग 365 दिन काम करते हैं, लेकिन उन्हें निर्धारित समय पर वेतन नहीं मिलता है। लंबे समय से एक ही वेतन पर काम करने के बावजूद वेतन में बढ़ोतरी नहीं की गई है। प्रदर्शनकारियों ने सभी अस्थायी सफाईकर्मियों के वेतन में तत्काल बढ़ोतरी और समय पर भुगतान की मांग की।
सीआईटीयू की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आगामी दुर्गा पूजा से पहले आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। संगठन ने जरूरत पड़ने पर हड़ताल पर जाने की भी चेतावनी दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

