पांच ट्रकों की जब्ती के बाद कोयला परिवहन नेटवर्क पर उठे सवाल
आसनसोल, 20 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान जिले में कोयला परिवहन की निगरानी व्यवस्था और झारखंड से पश्चिम बंगाल तक कोयले की आवाजाही एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गुरुवार देर रात आसनसोल के जुबली मोड़ और नूनी मोड़ पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की कार्रवाई में कोयला लदे पांच ट्रकों को रोके जाने के बाद अब इस पूरे परिवहन नेटवर्क की जांच की मांग उठने लगी है।
जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ के जवानों ने पहले जुबली मोड़ पर कोयला लदे तीन ट्रकों को रोका। कुछ समय बाद नूनी मोड़ पर दो अन्य ट्रकों को भी पकड़ा गया। सूचना पाकर पुलिस ने सभी वाहनों को अपने कब्जे में लेकर परिवहन संबंधी दस्तावेजों की जांच शुरू की। नूनी मोड़ पर पकड़े गए दो ट्रकों के पंजीकरण नंबर डब्ल्यूबी 37ई 7551 और डब्ल्यूबी 37एल 7685 बताए गए हैं। प्रारंभिक जांच में इनके कागजात में कथित अनियमितताओं की बात सामने आई। इनमें से एक ट्रक की पीछे की नंबर प्लेट भी ढकी हुई थी। हालांकि, आगे की नंबर प्लेट के आधार पर वाहन की पहचान की गई।
पूछताछ के दौरान नूनी मोड़ पर पकड़े गए एक ट्रक के चालक ने कथित तौर पर बताया कि वह झारखंड स्थित राजमहल कोलियरी से कोयला लेकर कोलकाता जा रहा था। चालक ने ट्रक मालिक का नाम आनंद बताया, जो जामुड़िया का निवासी बताया गया है। हालांकि, चालक के इस बयान और कोयले के वास्तविक स्रोत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आसनसोल नॉर्थ थाना के प्रभारी मेघनाथ मंडल ने बताया कि बीती रात कार्रवाई के दौरान पांच अवैध कोयला लदे ट्रकों को जब्त किया गया है। प्रत्येक ट्रक में लगभग 30 से 40 टन कोयला लदा हुआ था। इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार चारों आरोपित ट्रक चालक हैं, जबकि एक अन्य चालक मौके से भागने में सफल रहा। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

