स्वतंत्रता दिवस से पहले जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच तिरंगे की रोशनी में सजा
जलपाईगुड़ी, 14 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस से पहले जलपाईगुड़ी में देशभक्ति का रंग देखने को मिल रहा है। 15 अगस्त से एक दिन पहले कलकत्ता हाईकोर्ट की जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच को तिरंगे की रोशनी से बेहद खूबसूरत ढंग से सजाया गया है।
सर्किट बेंच की पूरी इमारत को राष्ट्रीय ध्वज के तीन रंगों—केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी से जगमगाया है। शाम ढलते ही रंग-बिरंगी रोशनी में पूरा भवन आकर्षण का केंद्र बन जा रहा है।
इस मनमोहक दृश्य को देखने के लिए शहर के लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। कई लोग अपने मोबाइल कैमरों में इस खूबसूरत नजारे को कैद करते नजर आए।
गौरतलब है कि 15 अगस्त को देश अपना स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। इसके मद्देनजर पूरे देश में समारोह की तैयारियां चल रही हैं। इसी माहौल में जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच भवन को भी तिरंगे के रंग में सजाया गया है। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगे की रोशनी में जगमगाता सर्किट बेंच भवन शहरवासियों के लिए आकर्षण का खास केंद्र बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

