home page

मेदिनीपुर में पूर्व विधायक सुजय हाजरा के घर पहुंची सीआईडी की टीम

 | 
मेदिनीपुर में पूर्व विधायक सुजय हाजरा के घर पहुंची सीआईडी की टीम


पश्चिम मेदिनीपुर, 16 अगस्त (हि. स.)। जिले के डेबरा में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित आर्थिक धोखाधड़ी के मामले में सीआईडी ने जांच तेज कर दी है। मामले में सीआईडी की हिरासत में चल रहे मेदिनीपुर के पूर्व तृणमूल विधायक सुजय हाजरा को रविवार को उनके मेदिनीपुर स्थित घर ले जाया गया। वहां जांच अधिकारियों ने मामले से जुड़े तथ्यों और दस्तावेजों की पड़ताल की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक बजकर 25 मिनट पर सीआईडी की जांच टीम भारी पुलिस बल के साथ सुजय हाजरा के घर पहुंची। उनके साथ जांच अधिकारी भी मौजूद थे। जांच के सिलसिले में अधिकारियों ने घर के भीतर विभिन्न जानकारियों और दस्तावेजों की जांच की।

सूत्रों के अनुसार, इस मामले में शनिवार को सीआईडी अधिकारियों ने सुजय हाजरा और सुमित राय को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान दोनों के बयानों में किसी तरह की विसंगति है या नहीं और कथित आर्थिक लेनदेन से जुड़े मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं, इसकी जांच की जा रही है।

इसके बाद रविवार को सुजय हाजरा को उनके मेदिनीपुर स्थित घर ले जाकर जांच की गई। माना जा रहा है कि जांच अधिकारियों ने मामले से संबंधित आवश्यक जानकारी और संभावित दस्तावेजों को लेकर पड़ताल की है।

डेबरा में नौकरी दिलाने के नाम पर आर्थिक लेनदेन और कथित धोखाधड़ी की शिकायत के आधार पर सीआईडी इस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान अब तक सामने आए तथ्यों और आरोपों की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

जांच एजेंसी की ओर से रविवार को घर में की गई कार्रवाई के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी तत्काल सामने नहीं आई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता