home page

कोलकाता में चुरू नागरिक परिषद का दीपावली प्रीति सम्मेलन आयोजित

 | 

कोलकाता, 15 नवंबर (हि. स.)। चुरू नागरिक परिषद की ओर से रविवार को कोलकाता के रोटरी सदन में दीपावली प्रीति सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष नारायण जैन, चुरू नागरिक परिषद के अध्यक्ष जगत सिंह वैद, सोनमर्ग की अध्यक्ष ऋचिका गुप्ता और प्रकाश पारेख प्रमुख उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन में डिदेव प्लास्टिक्स, कल्पना, जेबी ग्रुप, एसोसिएटेड रोड कैरियर्स लिमिटेड और ऑर्बिट ग्रुप ने सहयोग किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजन समिति के अध्यक्ष नारायण जैन ने उपस्थित लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भविष्य में चुरू नागरिक परिषद की गतिविधियों को और विस्तार देने की बात कही।

इसके बाद परिषद के अध्यक्ष जगत सिंह वैद ने अपने संबोधन में संगठन के इतिहास और उसकी नियमित गतिविधियों की जानकारी दी। प्रकाश पारेख ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि परिषद की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी वस्त्र वितरण, स्वास्थ्य जांच सहित कई सामाजिक एवं सेवा कार्यों की योजना बनाई गई है।

ऋचिका गुप्ता ने अपने संबोधन में दीपावली पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने संगठन के सभी सदस्यों को एकजुट रखने और सबको साथ लेकर चलने की भावना के लिए नारायण जैन के प्रति आभार व्यक्त किया।

सम्मेलन के दूसरे सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। संगीत संध्या में गायक मारुति मोहता और इंद्रनील राय ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। वहीं, स्वाति बनर्जी, अनुजा बनर्जी और दित्शा बनर्जी ने नृत्य प्रंस्तुत कर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता