कुल्टी में पकड़ा गया मवेशियों से भरा ट्रक, चालक और खलासी गिरफ्तार
पश्चिम बर्दवान, 29 जुलाई (हि. स.)। कुल्टी थाना अंतर्गत चौरंगी चौकी की पुलिस ने अभियान चलाते हुए डुबरडीही चेकपोस्ट पर एक छह पहिया ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से 15 गाय बरामद की गईं। चालक द्वारा मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने ट्रक सहित सभी गायों को जब्त कर लिया तथा चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र कुमार और हरेकृष्ण सिंह के रूप में हुई है। दोनों को बुधवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए आरोपियों की पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मवेशियों को बिहार से कोलकाता ले जाया जा रहा था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को किस स्थान से लाया गया था और उन्हें किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

