home page

चोरबागान कांड : दिलीप घोष ने आरोपित एनूनुल हक को दी कड़ी चेतावनी

 | 
चोरबागान कांड : दिलीप घोष ने आरोपित एनूनुल हक को दी कड़ी चेतावनी


कोलकाता, 20 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने चोरबागान सर्वजनीन दुर्गापूजा मंडप में भगदड़ की घटना के बाद कथित तौर पर अफवाह फैलाने के आरोप में गिरफ्तार एनूनुल हक को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने आरोपित को बांग्लादेश और नेपाल का एजेंट बताते हुए कहा कि राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की हर गतिविधि पर नजर है और गलत काम करने वालों को सजा मिलेगी।

कोलकाता के चोरबागान सर्वजनीन दुर्गापूजा मंडप में शनिवार शाम भारी बारिश और भीड़ के दबाव के बीच प्रवेश द्वार टूटने से भगदड़ मच गई थी। इस घटना में 19 लोगों की मौत हो गई थी। दुर्गापूजा के दौरान हुए इस हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था में चूक और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की गई। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच की जा रही है।

घटना के दिन चोरबागान में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे एक सिविक वॉलंटियर को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सोमवार रात विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने कूचबिहार से एनूनुल हक को गिरफ्तार किया। उस पर घटना को लेकर कथित तौर पर फर्जी वीडियो और अफवाह फैलाने का आरोप है। जांचकर्ताओं को उसके बांग्लादेश से कथित संबंधों को लेकर भी कुछ संदिग्ध जानकारियां मिली हैं। एसटीएफ इन जानकारियों की सत्यता की जांच कर रही है। जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि कथित तौर पर फर्जी खबरें फैलाने के पीछे उसका क्या उद्देश्य था।

मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में दिलीप घोष ने कहा कि जगह-जगह कुछ लोग उपद्रव करने और शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग बांग्लादेश और कुछ नेपाल के एजेंट हैं तथा भारत में अशांति फैलाने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से ऐसे लोगों के माध्यम से धन पहुंचता रहा है और अब भी ऐसा हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी गतिविधियों पर नजर रख रही है। किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा और गलत काम करने वालों को सजा मिलेगी।

इधर, चोरबागान हादसे में मारे गए लोगों और घायलों के परिवारों के प्रति मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने संवेदना जताई है। मंगलवार को वह मृतकों के परिजनों से मुलाकात करने के लिए विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे। बुधवार को उनके घायलों के परिवारों से भी मिलने की संभावना है।

इस बीच, चोरबागान हादसे के बाद राज्य सरकार ने विजयादशमी के बाद आयोजित होने वाले विजया सम्मेलन के कार्यक्रमों में भी कटौती करने का निर्णय लिया है। जानकारी के अनुसार, सरकार की ओर से आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम इस बार बेहद सादगी से किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता