home page

चुंचुड़ा के नेताजी सुभाष रोड पर बिरयानी की दुकान में लगी आग, दो दुकानें जलकर खाक

 | 
चुंचुड़ा के नेताजी सुभाष रोड पर बिरयानी की दुकान में लगी आग, दो दुकानें जलकर खाक


हुगली, 01 अक्टूबर (हि. स.)। पूजा की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ के बीच चुंचुड़ा के नेताजी सुभाष रोड पर एक बिरयानी की दुकान में गुरुवार को अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सामने स्थित एक फास्ट फूड की दुकान से गैस रिसाव के बाद आग लगी और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। पास स्थित श्रीनिकेतन से पानी डालकर शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। बाद में दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को पूरी तरह बुझाया।

बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आने से गैस सिलेंडर को नाली में फेंक दिया गया, ताकि किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके। घटना के दौरान पूजा की खरीदारी के लिए व्यस्त सड़क पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। आग में फास्ट फूड की दुकान और बिरयानी की दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का आकलन फिलहाल किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय