उत्तरपाड़ा में फिर चीनी मांझे की चपेट में आया युवक, बाल-बाल बची जान
हुगली, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तरपाड़ा शहर में एक बार फिर प्रतिबंधित चीनी मांझे की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चीनी मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, माखला के वार्ड नंबर 23 निवासी युवक प्रियजीत हालदार शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान माखला तरुण दल क्लब के सामने अचानक चीनी मांझा उनके गले में लिपट गया। मांझे से उनके गले में गंभीर चोट आई। घटना के बाद उन्हें तत्काल उत्तरपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।
घायल युवक ने पुलिस-प्रशासन से अपील की कि उत्तरपाड़ा थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अभी भी कथित तौर पर चीनी मांझे की बिक्री हो रही है। उन्होंने तत्काल दुकानों पर कार्रवाई कर इसकी बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कोलकाता समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में चीनी मांझे की चपेट में आकर कई लोगों के घायल होने और जान जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद कुछ लोग पतंग उड़ाने के लिए इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।
इस संबंध में चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के एक अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। शिकायत मिलने पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी के मुताबिक, इससे पहले भी उत्तरपाड़ा शहर में कई दुकानों पर छापेमारी कर चीनी मांझा जब्त किया गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

