बाल दिवस पर जलपाईगुड़ी सदर प्राथमिक बालिका विद्यालय में विधायक ने छात्राओं को परोसा भोजन
जलपाईगुड़ी, 14 नवंबर (हि.स.)। बाल दिवस के अवसर पर जलपाईगुड़ी सदर प्राथमिक बालिका विद्यालय में उत्साह और उमंग के साथ शनिवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जलपाईगुड़ी के भाजपा विधायक अनंत देव अधिकारी विशेष रूप से छात्राओं को भोजन परोसा। विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ छात्राओं के लिए विशेष मध्याह्न भोजन की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नृत्य और संगीत प्रस्तुतियों के जरिए बाल दिवस का आनंद उठाया। वहीं, इस दिन मिड-डे मील के तहत छात्राओं को विशेष मेनू में गरमा-गरम पूरी, छोले की दाल और मिठाई के रूप में लड्डू परोसे गए। पसंदीदा भोजन पाकर छात्राओं के चेहरे खिल उठे।इस अवसर पर
जलपाईगुड़ी के विधायक अनंत देव अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने हाथों से छात्राओं को भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। बच्चों के बीच समय बिताते हुए विधायक काफी भावुक नजर आए। कार्यक्रम में जलपाईगुड़ी डीपीएससी के चेयरमैन धीरज मोहन घोष समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विशेष भोजन के साथ विद्यालय में बाल दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के माहौल में संपन्न हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

