home page

संशोधित : आरपीएफ ने शालिमार स्टेशन पर दो नाबालिगों को सुरक्षित बचाया

 | 
संशोधित : आरपीएफ ने शालिमार स्टेशन पर दो नाबालिगों को सुरक्षित बचाया


(हेडिंग और फोटो में परिवर्तन के साथ पुनः जारी)

खड़गपुर, 05 नवंबर (हि. स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बाल तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत शालिमार रेलवे स्टेशन से दो नाबालिग लड़कों को सुरक्षित बचाया है। दोनों की उम्र 14 और 16 वर्ष है। यह कार्रवाई चार नवंबर को की गई।

गुरुवार शाम आरपीएफ द्वारा दिए प्रेस विज्ञप्ति अनुसार, शालिमार पोस्ट की टीम प्लेटफॉर्म संख्या एक पर नियमित गश्त और जांच कर रही थी। इसी दौरान दो नाबालिग लड़के संदिग्ध परिस्थिति में घूमते दिखाई दिए। पूछताछ करने पर पता चला कि दोनों दक्षिण दिनाजपुर जिले के निवासी हैं और अपने माता-पिता को बिना बताए घर से निकल आए हैं।

दोनों ने बताया कि वे काम की तलाश में ट्रेन संख्या 17066 (चार्लापल्ली-अमृत भारत एक्सप्रेस) से समलकोट जाने की योजना बना रहे थे। उनकी कम उम्र और असुरक्षित स्थिति को देखते हुए आरपीएफ कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।

इसके बाद दोनों को शालिमार आरपीएफ पोस्ट लाया गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उचित देखभाल और आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें संबंधित प्राधिकारियों को सौंप दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा