home page

बाल विवाह और साइबर अपराध रोकने के लिए जागरूकता शिविर

 | 
बाल विवाह और साइबर अपराध रोकने के लिए जागरूकता शिविर


पश्चिम बर्दवान, 09 सितंबर (हि. स.)। बाल विवाह, बाल शोषण, बाल संरक्षण और साइबर अपराध के प्रति छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को अंडाल थाना पुलिस की पहल पर उखड़ा पीजी बालिका विद्यामंदिर में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में दुर्गापुर के सीआई (बी) सुमन घोष, दुर्गापुर महिला थाना की प्रभारी अधिकारी रूपाली दास बनर्जी, अंडाल थाना प्रभारी प्रीतम पाल तथा उखड़ा पुलिस चौकी के आईसी तन्मय डे मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को बाल विवाह और बाल शोषण से जुड़े मामलों के साथ-साथ साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों और ऑनलाइन ठगी के जाल से सावधान रहने के बारे में जानकारी दी। छात्राओं को समझाया गया कि अनजान लोगों के साथ निजी जानकारी साझा करना, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करना या साइबर माध्यम से किसी के बहकावे में आना गंभीर परेशानी का कारण बन सकता है। शिविर में कम उम्र के बच्चों और छात्राओं को अपराधियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न तरीकों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई।

अभिभावकों की ओर से भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताया गया। उनका कहना था कि जानकारी और जागरूकता की कमी के कारण कई बार बच्चियां धोखाधड़ी या अपराध का शिकार हो जाती हैं।

पुलिस की ओर से कहा गया कि बच्चों और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्हें कानून, साइबर सुरक्षा और संभावित खतरों के बारे में जागरूक करना जरूरी है। इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को सुरक्षित रहने और किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी तुरंत अभिभावकों या पुलिस को देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा