बाल विवाह रोकने के लिए निकाली गई जागरूकता रैली
पश्चिम मेदिनीपुर, 27 नवंबर (हि. स.)। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दूसरे वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिले में प्रशासन की ओर से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। रैली जिला कलक्ट्रेट स्थित आरटीओ कार्यालय के सामने से शुरू होकर जिला परिषद परिसर में समाप्त हुई।
रैली में शामिल महिलाओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाई तथा लोगों को इस सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूक किया। इसके बाद शहर के शहीद प्रद्योत स्मृति भवन में बाल विवाह की रोकथाम को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उल्लेखनीय है कि पश्चिम मेदिनीपुर जिले में 18 वर्ष से कम उम्र की किशोरियों के मां बनने के मामले अभी भी सामने आ रहे हैं। साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों से नाबालिग लड़कियों के विवाह की सूचनाएं भी मिल रही हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पहले की तुलना में कम उम्र में प्रसव के मामलों में कमी आई है।
बाल विवाह पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। नाबालिग लड़कियों के विवाह को रोकने के लिए कई योजनाएं भी बनाई गई हैं। अंतरराष्ट्रीय बाल, कम उम्र और जबरन विवाह उन्मूलन अभियान की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रशासन ने इस अभियान को और व्यापक बनाने पर जोर दिया।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, स्कूलों से लेकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों तक बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता अभियान तेज किया जाएगा, ताकि इस सामाजिक कुरीति को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

