home page

केक खाने के दौरान गले में फंसा टुकड़ा, आठ वर्षीय बच्चे की मौत

 | 
केक खाने के दौरान गले में फंसा टुकड़ा, आठ वर्षीय बच्चे की मौत


पुरुलिया, 16 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र में केक खाने के दौरान दम घुटने से आठ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस घटना से बलरामपुर के तिलाई गांव में शोक का माहौल है। मृत बच्चे की पहचान देवजीत सहिस के रूप में हुई है।

सोमवार को देवजीत ने गांव की एक दुकान से केक खरीदा था। केक खाने के दौरान अचानक उसके गले में कुछ फंस गया, जिससे उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल स्थानीय घाटबेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।

परिजनों का आरोप है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर वहां कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। इसके बाद वे बच्चे को बलरामपुर बांसगढ़ ग्रामीण अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता गौरीनाथ सहिस ने बताया कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। घर लौटने पर बेटे की तबीयत खराब मिली। इसके बाद उसे तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सक नहीं मिलने के कारण बलरामपुर अस्पताल ले जाना पड़ा, लेकिन बेटे को बचाया नहीं जा सका। उन्होंने बताया कि केक खाने के बाद बच्चे ने पानी पिया था और उसके बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।

घटना की सूचना मिलने पर बलरामपुर थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने अस्वाभाविक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता