मासूम से दुष्कर्म के आरोप में वृद्ध गिरफ्तार, सड़क पर उतरे लोग
पूर्व मेदिनीपुर, 24 जून (हि. स.) पश्चिम बंगाल के महिषादल क्षेत्र में साढ़े तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में एक वृद्ध को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना के विरोध में बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने आरोपित को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए हल्दिया-मेचेदा 116 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। बाद में पुलिस के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महिषादल के कपासएड़िया इलाके में एक वृद्ध व्यक्ति की खाने की दुकान है। उसके पास ही आरोपित वृद्ध की साइकिल मरम्मत की दुकान स्थित है। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध बताए जा रहे हैं। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे आरोपित वृद्ध बच्ची को घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। करीब रात नौ बजे वह बच्ची को वापस उसके घर छोड़कर चला गया।
परिजनों ने बच्ची की स्थिति देखकर उसके साथ शारीरिक अत्याचार की आशंका जताई। इसके बाद तुरंत बच्ची को महिषादल के बसुलिया ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के संबंध में परिजनों ने महिषादल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए देर रात आरोपित वृद्ध को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद बुधवार सुबह इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और महिलाएं हल्दिया-मेचेदा 116 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बैठ गए और आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने के कारण बसों और मालवाहक वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पुलिस अधीक्षक अंशुमान साहा ने घटनास्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब 45 मिनट बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

