मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद सिलीगुड़ी नगर निगम हरकत में, 72 घंटे का विशेष सफाई अभियान शुरू
सिलीगुड़ी, 04 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सिलीगुड़ी नगर निगम के दौरे और नागरिक सेवाओं को लेकर नाराजगी जताने के बाद नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया है। शहर में गंदगी और कचरे के जमाव की शिकायतों को देखते हुए बुधवार सुबह से तीन दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है। अभियान की कमान खुद नगर निगम प्रशासक आर. विमला संभाल रही हैं।
उल्लेखनीय है कि निर्वाचित नगर बोर्ड नहीं होने के कारण पिछले कुछ दिनों से सिलीगुड़ी की नागरिक सेवाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। शहर के विभिन्न इलाकों में कचरे का जमाव, गंदी सड़कें और नियमित सफाई नहीं होने को लेकर स्थानीय लोग नाराजगी जता रहे थे। इन शिकायतों के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं नगर निगम कार्यालय पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को नागरिक सेवाएं सुचारू रखने और शहर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया था। साथ ही काली पूजा से पहले पूरे शहर में व्यापक सफाई अभियान चलाने पर जोर दिया था।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बुधवार सुबह से ही विशेष अभियान शुरू कर दिया गया। शहर की विभिन्न गलियों और प्रमुख इलाकों में जमा कचरे को हटाने के लिए पांच विशेष टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासक आर. विमला विभिन्न इलाकों में जाकर सफाई अभियान की निगरानी करती दिखीं।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को हुई बैठक के बाद 72 घंटे का विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। नगर निगम के संबंधित विभागों को शहर की गलियों और विभिन्न इलाकों में जमा कचरे को जल्द से जल्द साफ करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अभियान समाप्त होने के बाद भी सफाई व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि दोबारा कचरा जमा न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

