सनातनी परंपराओं को भव्यता से मनाने और जंगलमहल में पर्यावरण अनुकूल उद्योग लगाने का संकल्प
कोलकाता, 12 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सनातनी परंपराओं और त्योहारों को भव्यता से मनाने का संदेश देते हुए जंगलमहल में पर्यावरण अनुकूल उद्योग स्थापित करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहाड़, नदी, जल और जंगल को सुरक्षित रखते हुए ही औद्योगिक विकास किया जाएगा। गुरुवार को हावड़ा और बांकुड़ा में आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय विकास को लेकर कई घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने सुबह हावड़ा के जेसीआरसी घाट रोड पर छठ पूजा कार्यक्रम में हिस्सा लिया और श्रद्धालुओं के बीच पूजा सामग्री वितरित की। इसके बाद बेलूड़ मठ में दर्शन किए। उन्होंने कहा कि वाममोर्चा के 34 और तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन में सनातनी परंपराओं और त्योहारों की उपेक्षा हुई। जनता व्यवस्था में बदलाव चाहती थी। इस वर्ष दुर्गा पूजा और काली पूजा के बाद छठ पूजा भी भव्यता से मनाई जा रही है।
हावड़ा नगर निगम चुनाव पर उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने अदालत का सहारा लेकर चुनाव रोक रखा है, जिससे आम लोग नागरिक सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने उच्चतम न्यायालय में कानूनी लड़ाई के जरिए लोकतांत्रिक अधिकार बहाल करने और जरूरत पड़ने पर प्रत्येक वार्ड में समन्वयक नियुक्त कर नागरिक सेवाएं सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने भ्रष्टाचार में शामिल लोगों को जेल भेजने की चेतावनी भी दी। फलता में अवैध कब्जे से जमीन मुक्त कराकर गरीबों को आवास योजना के तहत देने का आश्वासन दिया।
दोपहर करीब ढाई बजे मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से बांकुड़ा के रायपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित हलुदकानाली पहुंचे। बिरसा मुंडा मेमोरियल कॉलेज मैदान में आयोजित बांदना पर्व के दौरान उन्होंने कुड़मी गांव की पारंपरिक शैली में तैयार स्थल पर कुड़मी नेता अजीत प्रसाद महतो और मंत्री खुदीराम टुडू के साथ पारंपरिक पीठा खाया। इसके बाद स्वयं मांदल बजाकर गोरू खूंटान उत्सव में हिस्सा लिया।
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने बताया कि 11 हजार योग्य अभ्यर्थियों को कांस्टेबल पद पर नियुक्ति दी गई है। आने वाले दिनों में शिक्षक, कांस्टेबल सहित विभिन्न पदों पर एक लाख बेरोजगारों को रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने जंगलमहल में पर्यावरण का संतुलन बनाए रखते हुए उद्योग लगाने और इसके लिए इच्छुक जमीनदाताओं को उचित मूल्य देने का आश्वासन दिया। स्थानीय मांग पर हलुदकानाली अस्पताल को 100 बिस्तरों वाले अस्पताल में बदलने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने बांकुड़ा शहर के पाठकपाड़ा फुटबॉल मैदान में आयोजित 'आहारे बाहारे' खाद्य उत्सव में भी हिस्सा लिया। बाद में सर्किट हाउस में उन्होंने केदारताल में मारे गए बांकुड़ा के पांच युवकों के परिजनों से मुलाकात की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

