home page

छठ महापर्व पर 501 व्रतियों के बीच पूजन सामग्री वितरित, श्री नारायण सेवा संस्थानम की सराहनीय पहल

 | 
छठ महापर्व पर 501 व्रतियों के बीच पूजन सामग्री वितरित, श्री नारायण सेवा संस्थानम की सराहनीय पहल


हुगली, 12 नवंबर (हि. स.)। लोकआस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के नहाय खाय की पूर्व संध्या पर अवसर पर श्री नारायण सेवा संस्थानम चैरिटेबल ट्रस्ट (रोटी बैंक), रिषड़ा की ओर से गुरुवार शाम 501 छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया।

संस्था की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सेवा भाव के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में छठ व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को चावल, दाल, हल्दी, नमक, लौकी तथा सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करने के लिए नारियल प्रदान किया गया।

यह सेवा कार्यक्रम रिषड़ा के पारस सिंह रोड स्थित शिव-पार्वती मंदिर में आयोजित हुआ। सामग्री का वितरण कूपन के माध्यम से सुव्यवस्थित तरीके से किया गया।

इस पहल का उद्देश्य छठ महापर्व के अवसर पर व्रतियों की सहायता करना और सामाजिक सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना है।

संस्था के संस्थापक अजय प्रताप सिंह ने सभी सदस्यों, पदाधिकारियों, दानदाताओं एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और आशीर्वाद से यह पुनीत सेवा कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष शशि सिंह झा उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के तौर पर योग गुरु ओम प्रकाश बंसल, प्रदीप महनोत, रतन अग्रवाल, विमल मुन्दरा एवं गुरु प्रसाद कपूर उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में अरुण सिंह, विनोद खेमका अरविंद सिंह, गोपाल सिंह शंकर दायल यादव, बल्लभ पुरोहित, संतोष तिवारी, प्रदीप साह, राहुल सिंह, अभिषेक सिंह, राहुल, उत्तम, मुकेश अजित सहित कई लोगों का योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय