छठ पूजा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का अनूठा प्रतीक : राज्यपाल आर.एन. रवि
कोलकाता, 13 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि ने छठ पूजा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर व्रतियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
पश्चिम बंगाल लोक भवन की ओर से शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जारी संदेश में राज्यपाल ने छठ व्रत करने वाले सभी श्रद्धालु भाई-बहनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि छठ पूजा भारतीय संस्कृति की आत्मा और देश की सनातन आध्यात्मिक परंपरा का अनूठा प्रतीक है। अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा के माध्यम से इस पर्व में सूर्योपासना की प्राचीन परंपरा अभिव्यक्त होती है। सूर्य जीवन और ऊर्जा का स्रोत हैं। उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के साथ ही यह पर्व प्रकृति के साथ मनुष्य के गहरे आध्यात्मिक संबंध को भी दर्शाता है।
राज्यपाल ने कहा कि छठ व्रत की कठिन साधना, तपस्या और संयम सूर्यदेव एवं छठी मैया के प्रति अटूट आस्था और भक्ति का संदेश देते हैं। यह पावन पर्व परिवारों को एक सूत्र में बांधने के साथ ही समाज में आपसी सद्भाव, कृतज्ञता और एकता की भावना को भी मजबूत करता है।
उन्होंने कामना की कि सूर्यदेव और छठी मैया की कृपा से सभी के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि आए तथा समाज नई ऊर्जा और सकारात्मक चेतना से परिपूर्ण हो।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप

