अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ियों के बीच चमका 11 वर्षीय मनोष्काम, हासिल किया दूसरा स्थान
हुगली, 04 नवंबर (हि.स.)। हुगली जिले के कोन्नगर के 11 वर्षीय शतरंज खिलाड़ी मनोष्काम मित्र ने अपनी शानदार प्रतिभा के दम पर एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने द्वितीय जलपाईगुड़ी अंतरराष्ट्रीय विश्व शतरंज महासंघ मान्यता प्राप्त खुली शतरंज प्रतियोगिता में उपविजेता का खिताब हासिल किया। पूरी प्रतियोगिता में अपराजित रहे मनोष्काम ने दस राउंड में आठ अंक अर्जित किए। इस दौरान उन्होंने चंडीगढ़ के अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी हिमाल गुसाईं और पश्चिम बंगाल के अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी नीलाश साहा के साथ मुकाबले बराबरी पर समाप्त किए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें उपविजेता की ट्रॉफी के साथ 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिली।
ग्रैंडमास्टर बनने के लक्ष्य के बारे में पूछे जाने पर मनोष्काम ने बेहद सधे हुए अंदाज में कहा, अभी बहुत कुछ करना बाकी है। पहला कदम मुश्किल जरूर है, लेकिन उसे हासिल किया जा सकता है। फिलहाल मेरा लक्ष्य 2300 ईएलओ रेटिंग प्राप्त करना है।
बुधवार को हिन्दुस्थान समाचार से खास बातचीत में मनोष्काम के माता-पिता ने बेटे की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उपविजेता बनना उनके लिए गर्व की बात है। बेटे की मेहनत और लगातार बेहतर होते प्रदर्शन को देखकर उन्हें विश्वास है कि वह भविष्य में शतरंज की दुनिया में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है।
हालांकि, परिजनों ने अपनी चिंता भी साझा की। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शतरंज में आगे बढ़ने और ग्रैंडमास्टर बनने का सपना पूरा करने के लिए नियमित प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और अन्य तैयारियों पर काफी खर्च आता है। परिवार चाहता है कि सरकार या किसी गैर-सरकारी संस्था की ओर से मोनोस्कम को आर्थिक सहायता मिले, ताकि पैसों की कमी उसके सपनों की राह में बाधा न बने।
परिजनों ने हिन्दुस्थान समाचार के माध्यम से अपील की कि यदि सरकार, सामाजिक संस्थाएं या कोई अन्य सहयोगी संस्था आगे आकर मोनोस्कम की प्रतिभा को प्रोत्साहित करे, तो उसे अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने में काफी मदद मिलेगी। उनका कहना है कि बेटे में प्रतिभा और मेहनत की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उचित मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

