home page

पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा पर कोयला लदे ट्रक में लगी आग

 | 
पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा पर कोयला लदे ट्रक में लगी आग


आसनसोल, 17 सितंबर (हि.स.)।

बंगाल-झारखंड सीमा के कुल्टी थाना अंतर्गत चौरांगी फांड़ी के डीबुडीह चेकपोस्ट के पास एनएच-19 के पार्किंग क्षेत्र में बुधवार की रात कोयला लदे एक ट्रक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे पार्किंग क्षेत्र में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।

ट्रक चालक एमडी. सिराज के अनुसार, वह झारखंड के निरसा से कोयला लोड कर राणाघाट जा रहे थे। डीबुडीह चेकपोस्ट के पास पार्किंग में ट्रक खड़ा करने के दौरान अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक से धुआं निकलने लगा और आसपास के इलाके में फैल गया, जिससे वहां मौजूद अन्य वाहन चालकों और कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय चालक और कारोबारी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही चौरांगी फांड़ी पुलिस को भी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

इसी बीच दमकल विभाग की एक गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों की तत्परता से कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

समय रहते आग बुझा लिए जाने के कारण घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

चालक ने दावा किया कि ट्रक में लदे कोयले से संबंधित सभी दस्तावेज वैध थे। हालांकि, पार्किंग क्षेत्र में खड़े ट्रक में आग आखिर किन परिस्थितियों में लगी, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए दमकल विभाग और कुल्टी थाना पुलिस की ओर से जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा