home page

चंद्रनाथ रथ की हत्या के विरोध में राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन

 | 
चंद्रनाथ रथ की हत्या के विरोध में राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन


कोलकाता, 07 मई (हि. स.)। भाजपा नेता और पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के विरोध में राज्य के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। गुरुवार को मुर्शिदाबाद जिले के सुती थाना क्षेत्र के मानिकपुर के पास 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रतिकात्मक धरना-प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने चंद्रनाथ रथ की हत्या के दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की। उनका कहना है कि राज्य में बढ़ती राजनीतिक हिंसा चिंता का विषय है और प्रशासन को इस पर सख्त कदम उठाने चाहिए।

उल्लेखनीय है कि बुधवार रात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी थी। इस हमले में उनके वाहन चालक बुद्धदेव बेड़ा भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शरीर में तीन गोलियां लगी हैं। कई घंटों तक चले ऑपरेशन के बाद उन्हें फिलहाल वेंटिलेटर पर रखा गया है और उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

गुरुवार को चंद्रनाथ रथ के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए बारासात अस्पताल लाया गया, जहां सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य भी अस्पताल परिसर में मौजूद रहे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच राज्य के आपराधिक अन्वेषण विभाग (सीआईडी) ने अपने हाथ में ले ली है। गुरुवार सुबह जांच दल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता