home page

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में सीबीआई की चार्जशीट, 11 आरोपितों के नाम

 | 
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में सीबीआई की चार्जशीट, 11 आरोपितों के नाम


कोलकाता, 07 अगस्त (हि. स.)। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बारासात की अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। आरोपपत्र में कुल 11 लोगों को आरोपिक बनाया गया है। जांच एजेंसी का दावा है कि हाल ही में उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किए गए दो भाजपा कार्यकर्ता भाइयों ने ही पेशेवर सुपारी किलरों को हत्या की जिम्मेदारी सौंपी थी और उन्हें इसके लिए बड़ी रकम भी दी गई थी।

सीबीआई सूत्रों के अनुसार, जांच में पता चला है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या की साजिश पिछले वर्ष दिसंबर से ही रची जा रही थी। हालांकि, कई कारणों से योजना में कई बार बदलाव किया गया। अंततः छह मई को, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के दो दिन बाद, उनके घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर नजदीक से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई।

इस हाई-प्रोफाइल मामले में अब तक छह आरोपितों मनु सिंह, राज सिंह, गोलू सिंह, मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और नवीन कुमार सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा हत्या की साजिश और धन के लेनदेन में कथित रूप से शामिल तीन बिचौलियों को भी सीबीआई ने गिरफ्तार किया है।

जांच एजेंसी का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। हालांकि, इस साजिश से जुड़ा एक अन्य आरोपित अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में सीबीआई लगातार छापेमारी कर रही है।

सीबीआई इस हत्याकांड के पीछे किसी बड़े राजनीतिक षड्यंत्र या प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है। हालांकि, 11 आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किए जाने के बावजूद चंद्रनाथ रथ की हत्या के पीछे का वास्तविक मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर