चंद्रनाथ हत्याकांड में दो करोड़ रुपये खर्च होने का शुभेंदु का दावा
कोलकाता, 15 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने आप्त सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि चंद्रनाथ रथ की हत्या के लिए कथित तौर पर दो करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि सुपारी किलरों को पैसे उपलब्ध कराने में ‘भाइपो गैंग’ की भूमिका थी।
चंद्रनाथ रथ की मां हाशीरानी रथ को भाजपा ने नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया है। मंगलवार को हाशीरानी ने हल्दिया स्थित एसडीओ कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी भी उनके साथ मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने चंद्रनाथ हत्याकांड की जांच को लेकर बयान दिया।
शुभेंदु ने कहा कि मामला अंतरराज्यीय होने के कारण राज्य सरकार ने इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी है। उन्होंने दावा किया कि सुपारी देने वालों और कथित शूटरों सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके अनुसार, चंद्रनाथ को रास्ते से हटाने के लिए दो करोड़ रुपये खर्च किए गए थे और यह राशि उपलब्ध कराने का काम ‘भाइपो गैंग’ ने किया।
शुभेंदु अधिकारी ने यह भी दावा किया कि उन्होंने उन लोगों की बातचीत की रिकॉर्डिंग सुनी है, जिन्होंने कथित तौर पर शूटरों को पैसे उपलब्ध कराए थे। उन्होंने कहा कि मामले की बाकी जांच सीबीआई कर रही है और आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि चंद्रनाथ हत्याकांड के दोषियों को फांसी की सजा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि चार मई को राज्य विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के दो दिन बाद रात में मध्यमग्राम के दोहारिया में चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके वाहन चालक को भी गोली लगी थी। दोनों को मध्यमग्राम के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चंद्रनाथ को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।
तृणमूल कांग्रेस ने उस समय चंद्रनाथ रथ की हत्या की निंदा करते हुए अदालत की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की थी, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जा सके। बाद में राज्य सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

