खराब सड़क से परेशान लोगों ने चंद्रकोणा में किया प्रदर्शन
मेदिनीपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)।पश्चिम बंगाल के चंद्रकोणा में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। चंद्रकोणा-दो ब्लॉक के बसनछोड़ा ग्राम पंचायत के भगवनबाटी गांव में लंबे समय से सड़क जर्जर होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
हाल ही में मोरम बिछाकर मरम्मत का काम शुरू किया गया, लेकिन बारिश के बाद सड़क फिर कीचड़ में बदल गई।
ग्रामीणों ने मोरम सड़क के बजाय कंक्रीट ढलाई सड़क की मांग करते हुए चंद्रकोणा ‑पलाशचाबड़ी बाइपास रोड को अवरुद्ध कर बुधवार सुबह प्रदर्शन किया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। करीब एक घंटे बाद पंचायत समिति के आश्वासन के बाद अवरोध समाप्त हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क खराब है और आपात स्थिति में वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते। पंचायत समिति की ओर से बताया गया कि फिलहाल मरम्मत का काम जारी रहेगा और कंक्रीट सड़क का प्रस्ताव आगे भेज दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

