नर्सिंगहोम के पास सड़क पर मिला मृत भ्रूण, कुत्ते कर रहे थे खींचतान
पश्चिम मेदिनीपुर, 25 नवंबर (हि. स.)। जिले के चंद्रकोना रोड के सातबांकुड़ा इलाके में एक नर्सिंगहोम के पास सड़क पर मृत भ्रूण मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बुधवार सुबह सड़क पर मृत भ्रूण को मुंह में लेकर आवारा कुत्तों को खींचतान करते देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाया। घटना के बाद नर्सिंगहोम की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह कुछ लोगों ने नर्सिंगहोम के पास सड़क पर आवारा कुत्तों को किसी चीज के साथ खींचतान करते देखा। उत्सुकतावश जब वे पास पहुंचे, तो पता चला कि कुत्ते एक मृत भ्रूण को लेकर खींचतान कर रहे हैं। यह दृश्य देखकर इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और आक्रोश फैल गया। लोगों ने इस घटना को लेकर नर्सिंगहोम प्रबंधन पर सवाल उठाए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि नर्सिंगहोम के कुछ कर्मचारियों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृत भ्रूण सड़क पर कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसकी जिम्मेदारी है।
इस घटना को लेकर नाबालिगों के गर्भवती होने के मामलों पर राज्य में पुलिस-प्रशासन की सख्ती के बीच कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मृत भ्रूण मिलने की इस घटना का ऐसे मामलों से कोई संबंध है या नहीं, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने बताया कि जांच जारी है और फिलहाल मामले से जुड़ी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की जानकारी जिले के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी सौम्यशंकर षड़ंगी को भी मिली है। उन्होंने बताया कि मृत भ्रूण मिलने की सूचना प्राप्त हुई है। उनके अनुसार, घटनास्थल के पास जिस संस्थान पर नर्सिंगहोम का बोर्ड लगा है, उसके पास वैध अनुमति नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना अनुमति के वहां नर्सिंगहोम का बोर्ड कैसे लगा हुआ है। इस मामले की जांच पुलिस करेगी।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी ने यह भी बताया कि संबंधित संस्थान के मालिक का चंद्रकोना में एक अन्य नर्सिंगहोम भी था, जहां एक नाबालिग प्रसूता की मौत हुई थी। उस घटना के बाद नर्सिंगहोम बंद कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि भ्रूण मिलने के मामले की जांच करने के लिए पुलिस को कहा गया है।
संबंधित नर्सिंगहोम प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

