home page

चंद्रकोणा में करंट लगने से भाजपा कार्यकर्ता की मौत, चार गंभीर रूप से घायल

 | 
चंद्रकोणा में करंट लगने से भाजपा कार्यकर्ता की मौत, चार गंभीर रूप से घायल


पश्चिम मेदिनीपुर, 06 जुलाई (हि. स.)। जिले के चंद्रकोणा थाना क्षेत्र के बुड़ापाट-पांचखुरी इलाके में सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर पार्टी का झंडा लगाने के दौरान हुए हादसे में एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई, जबकि केशपुर-एक मंडल अध्यक्ष सहित चार अन्य कार्यकर्ता गंभीर रूप से झुलस गए।

मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता पार्टी का ध्वज लगा रहे थे। इसी दौरान झंडे का डंडा ऊपर से गुजर रही हाई-टेंशन बिजली की लाइन के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आने से भाजपा कार्यकर्ता पापाई पान (26) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि केशपुर-1 के मंडल अध्यक्ष सहित चार अन्य कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभी घायलों को चंद्रकोणा ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

हादसे की सूचना पाकर घाटाल के भाजपा नेता तन्मय दास चंद्रकोणा ग्रामीण अस्पताल पहुंचे।उन्होंने मृतक कार्यकर्ता के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के समुचित उपचार की जानकारी भी ली।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता