home page

देवीपक्ष में माकपा मुख्यालय के पास चंडीपाठ, वामपंथियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना

 | 
देवीपक्ष में माकपा मुख्यालय के पास चंडीपाठ, वामपंथियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना


देवीपक्ष में माकपा मुख्यालय के पास चंडीपाठ, वामपंथियों को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना


कोलकाता, 13 अक्टूबर (हि. स.)। देवीपक्ष की तृतीया पर मंगलवार को अलीमुद्दीन स्ट्रीट स्थित माकपा मुख्यालय से महज 150 मीटर की दूरी पर दिनभर चंडीपाठ का आयोजन किया गया। एनडीए के सहयोगी रामदास आठवले की रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई-आठवले) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को संगठन के पश्चिम बंगाल प्रमुख राजू घोष ने पिछले पांच दशकों में आलिमुद्दीन स्ट्रीट पर अपनी तरह का पहला आयोजन बताया।

हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में राजू घोष ने कहा कि वाममोर्चा के 34 वर्षों के शासन और उसके बाद तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के कार्यकाल में यहां चंडीपाठ की कल्पना भी मुश्किल थी। उन्होंने दोनों दलों पर हिंदू विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि नई सरकार में सनातन धर्मावलंबी निर्बाध रूप से धार्मिक अनुष्ठान कर पा रहे हैं। उन्होंने देवी से प्रार्थना की कि चंडीपाठ सुनकर वामपंथियों को सद्बुद्धि मिले और उनके विचारों में शुद्धता आए।

आयोजकों ने कहा कि हिंदू धर्मगुरुओं की उपस्थिति में हुआ यह आयोजन बंगाल में सनातन धर्म की सांस्कृतिक अस्मिता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बंगाल की संस्कृति किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं है और सनातन परंपरा को किसी राजनीतिक विचारधारा की स्वीकृति की जरूरत नहीं है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने वामपंथियों पर देशविरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल में सनातन परंपरा हमेशा सिर ऊंचा करके रहेगी।

इस अवसर पर समीरश्वर ब्रह्मचारी, तंत्र देवानंद महाराज, खना मां, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री के समन्वयक सत्यजीत दास और भाजपा नेता सायंतन बसु सहित अन्य लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप