चोरबागान की घटना से सबक, चंदननगर में इस बार ‘नो वीआईपी एंट्री’; डीजे और आतिशबाजी पर भी प्रतिबंध
हुगली, 12 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद चंदननगर की ऐतिहासिक जगद्धात्री पूजा को राज्य उत्सव का दर्जा दिया गया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस पारंपरिक उत्सव के आयोजन के लिए राज्य सरकार की ओर से पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी मंजूर की है। ऐसे में इस वर्ष जगद्धात्री पूजा को और भव्य एवं व्यवस्थित बनाने की तैयारी चल रही है। इसी कड़ी में सुरक्षा और अनुशासन को लेकर केंद्रीय पूजा कमेटी ने कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
चोरबागान की घटना से सबक लेते हुए इस बार चंदननगर के किसी भी पूजा मंडप में वीआईपी प्रवेश की व्यवस्था नहीं होगी। वीआईपी गेट और वीआईपी पास पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने तथा सभी प्रकार की आतिशबाजी पर भी रोक लगा दी गई है।
अपनी ऐतिहासिक परंपरा, आकर्षक विद्युत सजावट और भव्य शोभायात्रा के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध चंदननगर की जगद्धात्री पूजा को इस बार राज्य उत्सव की पहचान के अनुरूप और बेहतर तरीके से आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है।
शोभायात्रा के सुचारु संचालन के लिए इस वर्ष पांच नए सेक्टर बनाए गए हैं। इसके साथ ही कुल सेक्टरों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी एक प्रभारी को सौंपी जाएगी। 25 सेक्टर प्रभारियों के साथ 175 स्वयंसेवक, यानी कुल 200 कर्मी सड़कों पर रहकर शोभायात्रा का संचालन करेंगे।
प्रतिमा विसर्जन के लिए चंदननगर थाना क्षेत्र में आठ और भद्रेश्वर थाना क्षेत्र में छह घाट निर्धारित किए गए हैं। सभी पूजा समितियों को इन्हीं निर्धारित घाटों पर प्रतिमा विसर्जित करनी होगी।
केंद्रीय पूजा कमेटी के दिशा-निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक पूजा मंडप के अंदर मां की प्रतिमा की ओर सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य किया गया है। ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए साउंड सिस्टम के इस्तेमाल में निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। डीजे साउंड पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। शोभायात्रा और विसर्जन के दौरान प्रत्येक पूजा समिति को प्रतिमा की गाड़ी पर दो अग्निशमन सिलेंडर रखना अनिवार्य होगा। पूजा के उद्घाटन, पूजा के दिनों और प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की आतिशबाजी करना या पटाखे फोड़ना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
गुरुवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय पूजा कमेटी के सदस्यों ने इस वर्ष की शोभायात्रा की विस्तृत रूपरेखा और दिशा-निर्देश जारी किए। कमेटी के महासचिव शुभजीत साव ने बताया कि आगामी 19 नवंबर को शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन का आयोजन होगा। इस बार कुल 68 पूजा समितियां शोभायात्रा में हिस्सा लेंगी। इनमें चंदननगर थाना क्षेत्र की 56 और भद्रेश्वर थाना क्षेत्र की 12 समितियां शामिल हैं।
शोभायात्रा में कुल 245 लॉरियां शामिल होंगी। इनमें चंदननगर थाना क्षेत्र की 201 और भद्रेश्वर थाना क्षेत्र की 44 लॉरियां रहेंगी।
केंद्रीय पूजा कमेटी के मुख्य सलाहकार और चंदननगर के विधायक दीपांजन गुहा ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा चंदननगर की जगद्धात्री पूजा को राज्य उत्सव का सम्मान दिए जाने से सभी लोग कृतज्ञ हैं।
बता दें कि शुक्रवार (13 नवंबर) को चंदननगर की सबसे प्राचीन आदि मां की पूजा का उद्घाटन मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी करेंगे। इसी दिन उनके हाथों जगद्धात्री पूजा के औपचारिक उद्घाटन की भी संभावना है।
जानकारी के अनुसार, कोलकाता के ईडन गार्डन्स की तर्ज पर एक विशेष समारोह आयोजित करने की तैयारी भी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

