चंदननगर : भाजपा उम्मीदवार को लेकर बवाल, कार्यकर्ताओं के दो गुटों में हाथापाई
हुगली, 02 अप्रैल (हि. स.)। जिले के चंदननगर में भाजपा उम्मीदवार दीपांजन गुहा को लेकर पार्टी के भीतर ही विरोध और तनाव सामने आया है। गुरुवार को चावल पट्टी इलाके में उम्मीदवार के खिलाफ प्रदर्शन हुआ, जहां भाजपा के दो गुटों के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई।
बताया जा रहा है कि दीपांजन गुहा को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से ही भाजपा कार्यकर्ताओं के एक वर्ग में असंतोष बना हुआ है। 2021 के विधानसभा चुनाव में भी उन्हें चंदननगर से टिकट दिया गया था, जहां उन्हें इंद्रनील सेन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद 2026 के चुनाव में पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
उम्मीदवारी घोषित होने के बाद दीपांजन गुहा ने क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क अभियान शुरू किया। गुरुवार शाम वह चंदननगर के चावल पट्टी स्थित आदि जगद्धात्री मां के मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। इसी दौरान भाजपा के एक गुट ने उन्हें घेरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब दीपांजन के साथ मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और विरोध कर रहे गुट के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। उम्मीदवार के सामने ही कार्यकर्ताओं के बीच इस तरह की झड़प देखकर आसपास मौजूद लोग भी रुककर घटनाक्रम देखने लगे।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और स्थानीय निवासी, वाम समर्थक गोपाल शुक्ला ने कहा कि भाजपा के दो गुट झंडे लेकर “जय श्रीराम” के नारे लगाते हुए आपस में भिड़ गए। उन्होंने इसे अराजकता का उदाहरण बताते हुए सवाल उठाया कि जो लोग खुद आपस में लड़ रहे हैं, वे राज्य को कैसे संभालेंगे।
हालांकि, विवाद के बावजूद बाद में दीपांजन गुहा ने मंदिर में पूजा अर्चना की। इस पूरे घटनाक्रम पर उन्होंने कहा, “मैं मां से यही कहूंगा कि वे उन्हें माफ करें, वे गलती कर रहे हैं। जो भारत माता के सच्चे पुत्र हैं, वे कभी अपने ही लोगों के खिलाफ नहीं होते।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

